
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अंतिम संस्कार के दौरान ऐसी घटना हुई, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। मंगला की दीनदयाल कॉलोनी में एक वृद्धा का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। इसी दौरान एक ऑटो अनियंत्रित होकर जलती चिता तक पहुंच गया। आग की चपेट में आने से ऑटो में सवार मामा और भांजा झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, महाराणा प्रताप चौक निवासी दशरथ सिंह राजपूत ऑटो चलाते हैं। शुक्रवार को वह अपने भांजे शैलेंद्र सिंह के साथ मंगला के धुरीपारा में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। रस्में पूरी होने के बाद दोनों घर जाने के लिए ऑटो में बैठे।
इसी दौरान ऑटो बैक गियर में था। वाहन स्टार्ट कर आगे बढ़ाने की कोशिश करते ही वह पीछे की ओर लुढ़कने लगा और पास में जल रही चिता में जा घुसा। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
चिता के संपर्क में आते ही ऑटो में आग लग गई। दशरथ और शैलेंद्र किसी तरह वाहन से बाहर निकले, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। देखते ही देखते ऑटो पूरी तरह जल गया।
हादसे में झुलसे दोनों लोगों को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ले जाया गया। वहां उनका इलाज जारी है। अंतिम संस्कार के दौरान हुए इस हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया।




