
बिलासपुर। बिलासपुर में दीपावली की रात जश्न का माहौल उस वक्त हिंसक हो गया, जब न्यू रिवर व्यू रोड पर पटाखे फोड़ने को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। बात इतनी बिगड़ी कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
- जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। दीपावली की रात अरपा नदी के किनारे स्थित न्यू रिवर रोड पर युवराज सोनकर और उसके कुछ साथी आतिशबाजी कर रहे थे। उसी समय राज बैरागी नाम का युवक अपने दोस्तों के साथ वहां से गुजर रहा था।
- राज द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, तभी एक पटाखा अचानक उसके पैर के पास आकर फटा। जब उसने इस लापरवाही का कड़ा विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने जल्द ही उग्र रूप ले लिया।
- कहासुनी देखते ही देखते बड़े बवाल में तब्दील हो गई और दोनों गुटों के युवकों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले और मौके पर मौजूद गाड़ियों के साथ भी तोड़फोड़ की गई। इस मारपीट से जुड़े कुछ वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आई हैं।
- हालांकि, सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी का कहना है कि पुलिस अभी इस बात की तस्दीक कर रही है कि वायरल तस्वीरें पूरी तरह से इसी घटना की हैं या किसी अन्य विवाद की। अगर इनकी पुष्टि होती है, तो इन्हें भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।
चार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
- थाना प्रभारी (TI) ने बताया कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर लिया है और अब तक चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
- पकड़े गए आरोपियों की पहचान जरहाभाठा मिनीबस्ती के रहने वाले धन्नू डांडे (28), सिरगिट्टी निवासी सूरज कश्यप (19), सरकंडा के साहिल यादव उर्फ मयंक (22) और बंगालीपारा के रहने वाले अमित यादव (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




