रिश्वत लेकर आरोपियों को छोड़ा : जांजगीर-चाम्पा एसपी ने सारागांव थाने के प्रशिक्षु SI समेत 6 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले के सारागांव थाना में पदस्थ एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों पर निलंबन की गाज गिरी है। इन पुलिसकर्मियों पर अवैध शराब बिक्री के आरोपियों से एक लाख रुपये लेकर उन्हें छोड़ने का आरोप लगा है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत मिली थी कि उन्होंने अवैध शराब बिक्री के मामले में पकड़े गए आरोपियों को एक लाख रुपये लेकर छोड़ दिया। शिकायत की प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए। इसके आधार पर एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सीएसपी जांजगीर को सौंपी गई है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कथित लेन-देन में कौन-कौन शामिल था और पूरी घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी में लापरवाही और अनुचित गतिविधियों के मामलों में सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।




