छत्तीसगढ़

धान खरीदी में सुस्ती या किसानों की बेरुखी : 1.31 लाख पंजीकृत किसानों में अब तक महज 10 हजार ने बेचा धान

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन भले ही व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का दावा कर रहा हो, लेकिन आंकड़े खरीदी की रफ्तार और किसानों की वास्तविक भागीदारी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के 1,31,491 पंजीकृत किसानों में से अब तक महज 10,196 किसानों ने ही धान बेचा है। यानी करीब 92 प्रतिशत किसान अब भी धान बेचने के इंतजार में हैं। ऐसे में खरीदी केंद्रों की व्यवस्था और उपार्जन की गति को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।

जिले में पंजीकृत 1,31,491 किसानों में 77,603 सीमांत, 51,493 लघु और 2,395 दीर्घ कृषक शामिल हैं। इसके मुकाबले अब तक 10,196 किसानों ने ही उपज बेची है। इनमें 6,236 सीमांत, 3,721 लघु और 239 दीर्घ किसान हैं। आंकड़ों के मुताबिक 1,21,295 किसान अभी भी धान विक्रय की प्रक्रिया से बाहर हैं। सवाल यह है कि खरीदी शुरू होने के बाद भी इतनी बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए कब तक इंतजार करेंगे?

See also  शादी की लालच में खुद को जला बैठा: प्रॉपर्टी डीलर ने कहानी बनाकर, दोस्त पर लगाये थे झूठे आरोप

धान खरीदी के बीच रकबा समर्पण का आंकड़ा भी सामने आया है। अब तक 4,403 किसानों ने कुल 209.87 हेक्टेयर कृषि भूमि का रकबा समर्पित किया है। इसे प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन इतने किसानों द्वारा रकबा समर्पित किए जाने के कारणों और इसके पीछे की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

27 नवंबर तक जिले में 3,55,257.60 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। इसमें 2,73,670.40 क्विंटल मोटा, 40,306.40 क्विंटल पतला और 41,280.80 क्विंटल सरना धान शामिल है। खरीदी की कुल मात्रा के बावजूद किसानों की बड़ी संख्या का अब तक धान नहीं बिकना प्रशासन के सामने चुनौती बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply