Advertisement
देश

दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, AQI 700 पहुंचा:हेल्थ एक्सपर्ट्स बोले- इससे प्रेग्नेंट महिलाओं और बच्चों को खतरा; पांचवीं तक स्कूल बंद

नई दिल्ली

दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। स्विस ग्रुप IQAir के रियल टाइम डेटा के मुताबिक, रविवार सुबह 11:45 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 701 दर्ज किया गया। वहीं, सुबह 7.30 बजे दिल्ली का AQI 483 था। वर्ल्ड एयर क्वालिटी इंडेक्स के मुताबिक दुनिया के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में भारत के तीन शहर शामिल हैं। इनमें दिल्ली टॉप पर है, जबकि कोलकाता (AQI 206) तीसरे और मुंबई (AQI 162) पांचवें नंबर पर है। पाकिस्तान का लाहौर शहर दूसरे नंबर पर है।

दिल्ली में पिछले चार दिनों से हवा जहरीली बनी हुई है। दिल्ली सरकार ने प्राइमरी स्कूलों को 10 नवंबर तक बंद करने का आदेश दिया है। दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने X पर बताया कि 6-12वीं तक के स्टूडेंट्स के लिए भी ऑनलाइन क्लास करने पर विचार हो रहा है। इससे पहले सीएम अरविंद केजरीवाल ने 3 और 4 नवंबर को स्कूल बंद करने का निर्देश दिया था।

डॉक्टर बोले- प्रेग्नेंट महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा खतरा
दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पीटल के डॉक्टर नीरज गुप्ता ने कहा कि प्रदूषण का सबसे ज्यादा खतरा प्रेग्नेंट महिलाओं और बच्चों में होता है। खराब एयर क्वालिटी प्रेग्नेंट महिलाओं के पेट में पल रहे बच्चे को भी नुकसान पहुंचाती है। प्रदूषण से स्किन और दिल से जुड़ी बीमारियों होने का खतरा रहता है। इसके अलावा डायबिटीज, अल्जाइमर और लगातार सिरदर्द हो सकता है। AQI बढ़ने का असर रेस्पिरेटरी सिस्टम पर भी पड़ता है। जैसे-जैसे AQI बढ़ता है, छोटे बच्चों के दिमागी विकास पर बुरा असर पड़ता है। उनकी मानसिक शक्ति कम होने लगती है।

दिल्ली की हवा 25-30 सिगरेट के धुएं जितनी जहरीली
एयर क्वालिटी को लेकर गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल के डॉ. अरविंद कुमार ने 4 नवंबर को बताया कि 400-500 AQI वाली हवा 25-30 सिगरेट के धुएं के बराबर है। इसका असर सभी ऐज ग्रुप के लोगों पर समान रूप से पड़ता है। दिल्ली में प्रदूषण पर अपोलो हॉस्पिटल के डॉ. निखिल मोदी ने लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी है।

दिल्ली सरकार ने केंद्र से 5 राज्यों के साथ इमरजेंसी मीटिंग की मांग की
इधर, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शनिवार को केंद्र को लेटर लिखा। उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पांच राज्यों (दिल्ली, यूपी, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा) के पर्यावरण मंत्रियों के साथ इमरजेंसी मीटिंग करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पड़ोसी राज्यों में कमीशन ऑफ एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) के नियमों का उल्लंघन हो रहा है।

दिल्ली में GRAP-3 लागू, गैर-जरूरी निर्माण-तोड़फोड़ पर रोक
हवा की क्वालिटी खराब होने पर कमीशन फॉर एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने 3 नवंबर को दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के थर्ड स्टेज को लागू कर दिया। GRAP का स्टेज III तब लागू किया जाता है, जब AQI 401-450 की सीमा में गंभीर हो जाता है। GRAP-3 लागू होने के बाद दिल्ली में गैर-जरूरी निर्माण-तोड़फोड़ और रेस्टोरेंट में कोयले के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल चार पहिया वाहनों के इस्तेमाल पर सरकार ने 20 हजार रुपए चालान काटने का निर्देश दिया है।

वैज्ञानिक बोले- और खराब होगी दिल्ली की हवा
दिल्ली में बढ़ते पॉल्यूशन को लेकर वैज्ञानिकों ने चिंता जताई है। उनके मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा और खराब हो सकती है। साथ ही वैज्ञानिकों ने बारिश का कम होना प्रदूषण के बढ़ने की बड़ी वजह बताई। इस साल अक्टूबर में सिर्फ एक दिन 5.4 मिमी बारिश हुई। जबकि अक्टूबर 2022 में 6 दिन 129 मिमी और अक्टूबर 2021 में 7 दिन 123 मिमी बारिश हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply