देश

आंध्र प्रदेश: शराबी बेटे की करवा दी हत्या, शव के टुकड़े कर नहर में फेंका; कातिल मां की कहानी

प्रकाशम

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले से एक मामला सामने आया है, जिसमें एक मां ने अपने ही बेटे की हत्या करवा दी और शव को नहर में फेंक दिया. यह हत्या कंभम कस्बे में चर्चा का विषय बन गई है, और लोग इस निर्मम घटना से स्तब्ध हैं. प्रकाशम जिले के कंभम कस्बे की तेलुगु गली में रहने वाली सालेम्मा नाम की महिला ने अपने 35 वर्षीय बेटे श्याम की हत्या करवा दी. इस वारदात में उसने एक ऑटो चालक मोहन की मदद ली. हत्या के बाद शव के टुकड़े कर तीन बोरों में भरकर पास की नहर में फेंक दिए गए. स्थानीय लोगों ने जब नहर में तैरते इन बोरों को देखा तो पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव के टुकड़ों को बरामद किया. जब पुलिस ने मृतक की पहचान श्याम के रूप में की, तो वह उसके परिवार से पूछताछ करने लगी. इसी दौरान यह खुलासा हुआ कि हत्या उसकी मां ने ही करवाई थी.

See also  मोदी सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद जर्मनी का रुख नरम, केजरीवाल की गिरफ्तारी पर की थी टिप्पणी

क्यों हुई श्याम की हत्या?
पुलिस जांच में सामने आया कि श्याम शराब का आदी था और गलत संगत में पड़कर बुरी आदतों का शिकार हो चुका था. इतना ही नहीं, वह अपने ही घर की महिलाओं से बदसलूकी करता था. उसकी हरकतों से तंग आकर उसकी मां सालेम्मा ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया और अपने जानकार मोहन के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी.

कैसे हुआ खुलासा?
सालेम्मा और मोहन ने खुद को निर्दोष साबित करने के लिए मोहल्ले में यह अफवाह फैला दी कि श्याम कहीं गायब है. लेकिन जब पुलिस को शव मिला और उन्होंने परिवार से पूछताछ की, तो सालेम्मा का झूठ नहीं टिक सका. डीएसपी नागराजू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी. पुलिस ने सालेम्मा, मोहन और श्याम के चाचा सुब्रमण्यम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

See also  'मालदीव फर्स्ट लेकिन भारत के हितों को नुकसान नहीं', मुइज्जू ने चीन पर भी कही ये बात

हत्या के पीछे संपत्ति का विवाद या कुछ और?
शुरुआती जांच में पुलिस को लगा कि यह हत्या संपत्ति विवाद के कारण हुई है, लेकिन जब गहराई से जांच हुई तो सच्चाई कुछ और ही निकली. पुलिस को शक है कि परिवार के अन्य लोग भी इस साजिश में शामिल हो सकते हैं. फिलहाल, पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है.

Related Articles

Leave a Reply