छत्तीसगढ़

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कांकेर में सड़क हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

कांकेर। जिले के नरहरपुर मार्ग पर गुरुवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शोक का माहौल है। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल है।

यह हादसा जुनवानी चौक के आगे चनार मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार ग्राम बनसागर निवासी विकास शोरी अपनी भाभी शिवकुमारी शोरी और भतीजी प्रीति शोरी के साथ बाइक (CG 19 BC 2708) से कांकेर जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे कांकेर की ओर से आ रही बोलेरो (CG 19 BF 2816) ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।

See also  उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन को भाजपा ने जारी किया नोटिस, जानिए पूरा मामला

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कोमलदेव अस्पताल, कांकेर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवकुमारी शोरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रीति शोरी को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना में विकास शोरी को सिर, दोनों पैर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि परिवार पहले ही कई दुखों से गुजर चुका था। बचपन में पिता का साया उठ गया था और कुछ वर्ष पूर्व भाई की भी असमय मृत्यु हो चुकी थी। अब इस हादसे ने मां और बेटी को भी छीन लिया, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया है।

See also  छत्तीसगढ़ में पारा 44 डिग्री के पार, अगले पांच दिन में बरसने लगेगी आग

सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि जिस छोटी बहन को घर में होने वाली शादी की तैयारियों में खुश होना था, उसे ही अपनी मां और बड़ी बहन की चिता को अग्नि देनी पड़ी। पुलिस ने बोलेरो चालक चंद्र कुमार पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है और हर किसी की आंखें नम हैं।

Related Articles

Leave a Reply