छत्तीसगढ़

कान्हा जा रहे 5 दोस्तों की कार उफनती नदी में बही, पुलिस की चेतावनी के बाद भी स्टॉपर तोड़कर घुसाई कार; रात में रेस्क्यू

खैरागढ़. दनिया पुल पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा टल गया. कान्हा-किसली जा रहे पांच दोस्तों की कार तेज बहाव में बहकर नदी के बीच फंस गई. कार में सवार पांचों लोग जान बचाने के लिए पेड़ के सहारे लटके रहे. गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 दनिया पुल पर पहुंची. बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुल पर पुलिस ने स्टॉपर लगाए थे.

पुलिस के मुताबिक कार चालक ने स्टॉपर को टक्कर मार दी. मौके पर तैनात जवानों ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक कार को आगे ले गया और तेज बहाव के बीच फंस गया. देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में कार सड़क से बहकर नदी की मझधार में पहुंच गई. कार में सवार पांचों लोग किसी तरह पेड़ के सहारे अपनी जान बचाते रहे.

See also  छत्तीसगढ़ के जाने-माने अभिनेता सलीम अंसारी का निधन, छॉलीवुड में शोक की लहर

गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले रात के अंधेरे, तेज बारिश और उफनते पानी के बीच खुद पानी में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया. पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद सभी को गंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. 

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने कहा कि, “थाना प्रभारी गंडई ने कल रात पांच लोगों को डूबने से बचाया. उनकी गाड़ी दनिया पुल पर फंस गई थी और बह गई थी. थाना प्रभारी ने पानी में कूदकर इन लोगों को बचाया.” कार में सवार पांचों लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं और कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे. हादसे के वक्त कार में कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे सवार थे, फिलहाल सभी सुरक्षित हैं.

See also  एमसीबी में जमीन के लिए भतीजा बना चाचा के खून का प्यासा, पत्नी के साथ मिलकर किया मर्डर

Related Articles

Leave a Reply