छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

गणेश विसर्जन के दौरान विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र की पंतोरा चौकी अंतर्गत ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 74 वर्षीय जोत राम कश्यप की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौच और मारपीट हुई थी। राहुल ने इसकी जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी। रोहित बीच-बचाव करने पहुंचे, जहां उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद रोहित, राहुल और जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से शिकायत दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे।

ग्राम हाईस्कूल के पास उन्हें शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप मिले। आरोप है कि इसके बाद चारों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिव कश्यप ने डंडे से हमला किया, जबकि नारायण और संजय ने हाथ-मुक्का और पैर से मारपीट की। सविता कश्यप पर राहुल के साथ मारपीट करने का आरोप है। इसी दौरान जोत राम को जमीन पर पटककर सिर और छाती में गंभीर चोट पहुंचाई गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

See also  सड़क हादसे में CRPF जवान की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर कार्रवाई शुरू की। एसपी विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन और SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Related Articles

Leave a Reply