कबीरधाम में 5 करोड़ रुपये का 9 क्विंटल गांजा जब्त, कंटेनर के खुफिया चेंबर से बरामद, राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार

कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नागालैंड की पासिंग वाली एक गाड़ी से लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य का अवैध गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई सोमवार, 24 फरवरी की सुबह रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर चिल्फी थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई।
ओडिशा से राजस्थान भेजी जा रही थी खेप
पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान एक कंटेनर को रोका गया, जो ओडिशा से राजस्थान जा रहा था। तलाशी लेने पर कंटेनर के अंदर बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ पाया गया। कंटेनर में कुल 30 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें से प्रत्येक का वजन 30 किलो था। इस प्रकार कुल 900 किलोग्राम (9 क्विंटल) गांजा जब्त किया गया है।
सीक्रेट चैंबर में छुपाया था गांजा
पुलिस ने बताया कि तस्करों ने कंटेनर में एक सीक्रेट चैंबर (गुप्त कक्ष) बना रखा था, जिसमें यह गांजा छुपाया गया था। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने चैंबर को तोड़कर गांजे की बोरियां बाहर निकालीं।
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने कंटेनर के ड्राइवर आयाज खान को गिरफ्तार कर लिया है। आयाज खान राजस्थान के भरतपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है कि यह गांजा किसने भेजा था और राजस्थान में इसे किसे पहुंचाना था।
पांच करोड़ का माल और पचास लाख का कंटेनर जब्त
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमित पटेल ने बताया कि बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, जिस कंटेनर का इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था, उसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये है, जिसे भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर हुई इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।



