कोरबा-डोंगरगढ़ मेमू लोकल 3 घंटे तक आउटर में खड़ी रही, यात्री पैदल जाने को मजबूर

बालपुर-उमरेली के बीच सिग्नल नहीं मिलने से रोकी ट्रेन, छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ यात्रियों को हुई भारी परेशानी
चांपा।
कोरबा से डोंगरगढ़ तक जाने वाली मेमू लोकल ट्रेन आज शनिवार 17 अक्टूबर को बालपुर-उमरेली के मध्य आउटर में करीब 3 घंटे तक खड़ी रही। सिग्नल नहीं मिलने के कारण ट्रेन को रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई यात्री पैदल ही घर जाने को मजबूर हुए।
इस ट्रेन में सवार सिवनी के जनपद सदस्य चूड़ामणि राठौर व अन्य यात्रियों ने बताया कि प्रतिदिन की भांति चलने वाली मेमू लोकल को दोपहर करीब 3 बजे से शाम 6 बजे तक बालपुर रेलवे स्टेशन और चांपा रेलवे स्टेशन के मध्य उमरेली के आसपास आउटर में सिग्नल नहीं मिलने के कारण रोक दिया गया।
यात्रियों ने बताया कि लंबे समय तक ट्रेन खड़ी रहने से परेशान होकर आसपास के यात्री ट्रेन से उतरकर पैदल अपने घर चले गए। जिन यात्रियों के साथ छोटे बच्चे या बुजुर्ग माता-पिता थे, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी हुई। वहीं चांपा और बिलासपुर से दूसरी ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों की ट्रेनें भी छूट गईं, जिससे उन्हें खूब भटकना पड़ा।

