पांच बेटियों के साथ घर के बाहर खड़ी मां : ढाई सौ स्क्वेयर फीट जमीन पर पड़ी सियासतदानों की नजर, पार्षद ने जड़ा ताला

जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के शहीद वीर गुंडाधुर वार्ड में ढाई सौ स्क्वेयर फीट की नजूल जमीन पर वर्षों से झोपड़ी बनाकर रह रही एक बेवा मां और उसकी पांच बेटियों को अचानक घर से बाहर कर दिया गया, जिससे परिवार सड़क पर आ गया। मामला राजनीतिक रंग ले चुका है, जहां कांग्रेस और भाजपा की महिला पार्षदों के बयान एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं।
ढाई सौ स्क्वेयर जमीन पर वर्षों से रह रहा था परिवार
पीड़ित बेवा मां का कहना है कि वह अपने पांच बेटियों के साथ सालों से इसी जमीन पर रह रही है। बेटियों के बड़े होने पर परिवार ने झोपड़ी की जगह पक्का मकान बनाने की शुरुआत की, लेकिन इसी दौरान विवाद खड़ा हो गया। परिवार ने बताया कि उन्होंने नगर निगम को टैक्स भी जमा किया है और नजूल की जमीन पर उन्हीं का हक है।
भाजपा पार्षद ने लगाया ताला, कहा ‘ये जमीन आपकी नहीं’
विवाद तब बढ़ा जब वार्ड की वर्तमान भाजपा महिला पार्षद गायत्री बघेल ने परिवार के मुख्य गेट में ताला लगवा दिया। पार्षद का दावा है कि यह नजूल जमीन किसी और की है, और पीड़ित परिवार 40 सालों से यहां नहीं रह रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबी का हवाला देकर जमीन पर कब्जा किया जा रहा है, जो नियम विरुद्ध है।
कांग्रेस की पूर्व महिला पार्षद परिवार के समर्थन में
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की पूर्व पार्षद राधा बघेल पीड़ित परिवार के साथ खड़ी दिखाई दे रही हैं। उनका कहना है कि यह जमीन उसी परिवार की है और वर्षों से वे यहां रह रहे हैं। उन्होंने निगम टैक्स भुगतान के प्रमाण होने की बात भी कही।
प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे 40 सालों से इस जमीन पर रह रहे हैं, लेकिन अब प्रशासन उनकी गरीबी देखने को तैयार नहीं है। परिवार का कहना है कि वे सिर्फ पक्का मकान बना रहे थे, तभी कुछ लोग जमीन पर दावा करने लगे। बेवा मां अपनी पांच बेटियों के साथ जिला और नगर निगम प्रशासन से न्याय की मांग कर रही है।




