सक्ति में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते जनपद सीईओ समेत तीन गिरफ्तार

सक्ति। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत के सीईओ समेत तीन लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार मामला ग्राम लिमतरा की सरपंच से जुड़े विकास कार्यों की राशि जारी करने से संबंधित है। शिकायतकर्ता अरुण कुमार भारद्वाज ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत स्वीकृत 20 लाख रुपये में से शेष 12 लाख रुपये जारी कराने के एवज में जनपद पंचायत के सीईओ निखिल कश्यप और बाबू अविनाश ठाकुर द्वारा 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने जांच शुरू की, जिसमें यह सामने आया कि आरोपियों द्वारा पहले ही एक लाख रुपये रिश्वत के रूप में ले लिए गए थे। इसके बाद एसीबी ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
मंगलवार को जैसे ही शेष एक लाख रुपये की रिश्वत राशि भृत्य लच्छन भानु के माध्यम से ली गई, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, यह बिलासपुर इकाई की पिछले दो वर्षों में 51वीं सफल ट्रैप कार्रवाई है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में सरकारी दफ्तरों में हड़कंप का माहौल है और एसीबी की इस सख्त कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।




