होली की खुशियों में घोला जहर: मासूम बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में पिलाई शराब, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में होली के दौरान एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां कोतवाली जांजगीर पुलिस ने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम सोनू दरवेश, उम्र 34 वर्ष, निवासी इंदिरा आवास वार्ड नंबर 4 भाटापारा सुकली बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक 3 मार्च को जिला अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सुकली में होली उत्सव के दौरान कुछ नाबालिग बच्चों को शराब पिलाने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि आरोपी सोनू दरवेश अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर डांस कर रहा था। इसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे वहां पहुंचे, जिनको आरोपी ने दबावपूर्वक कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दिया। शराब पीने के बाद बच्चों को नशा हो गया और वे उल्टी करने लगे, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बालिका खापर्डे के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




