छत्तीसगढ़बिलासपुर

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में नौकरी का मौका, डेटा एंट्री ऑपरेटर के 38 पदों पर निकली भर्ती, जानें कब होगी परीक्षा?

छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं, खासकर महिलाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर ने डेटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) के 38 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। भर्ती प्रक्रिया जारी है और आवेदन करने के लिए अब केवल कुछ दिन ही बाकी हैं।

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 मई शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के जरिए प्रदेश की युवतियों को हाईकोर्ट में काम करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन के साथ सरकारी नौकरी का लाभ भी मिलेगा।

कुल 38 पदों पर होगी भर्ती

जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में डेटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 38 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें अलग-अलग वर्गों के उम्मीदवारों के लिए सीटें आरक्षित की गई हैं। अनारक्षित वर्ग के लिए 19 पद तय किए गए हैं, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 7-7 पद आरक्षित हैं।

वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 5 पद निर्धारित किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जा रही है, जिसके तहत उम्मीदवार निर्धारित तारीख तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

See also  ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

आवेदन की अंतिम तारीख बेहद करीब

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 12 मई 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं आवेदन पत्र भरते समय यदि किसी प्रकार की गलती हो जाती है तो अभ्यर्थियों को सुधार का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए करेक्शन विंडो 13 मई से 15 मई शाम 5 बजे तक खुली रहेगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता भी तय की गई है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से कम से कम द्वितीय श्रेणी के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के पास कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन, या ग्रेजुएशन के साथ पीजीडीसीए, अथवा डीओईएसीसी का ‘O’ लेवल कोर्स जैसी योग्यता होना जरूरी है। वहीं ऑपरेटिंग सिस्टम और ऑफिस एप्लिकेशन का व्यावहारिक ज्ञान रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग में दक्ष अभ्यर्थियों को भी चयन प्रक्रिया में फायदा मिल सकता है।

See also  बिलासपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई... एडीएम ऑफिस का बाबू 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

आयु सीमा और आरक्षण का लाभ

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को शासन के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया कैसे होगी?

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा। सबसे पहले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को कौशल परीक्षा यानी स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट तैयार की जाएगी और सफल उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

कब होगी परीक्षा?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लिखित परीक्षा 28 जून 2026, रविवार को आयोजित हो सकती है। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित किए जाने की संभावना है। परीक्षा केंद्र बिलासपुर और रायपुर में बनाए जा सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 25,300 रुपए से लेकर 80,500 रुपए तक वेतन दिया जाएगा। सरकारी नौकरी के साथ अन्य भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

See also  PMGSY में छत्तीसगढ़ का जलवा : उत्कृष्ट सड़क निर्माण के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार, देश में बनाया रिकॉर्ड

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन में दिए गए आवेदन लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद लॉगिन आईडी और पासवर्ड बनाकर आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जरूरी जानकारियां भरनी होंगी।

अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज सही फॉर्मेट और साइज में अपलोड करने होंगे। सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म को सबमिट करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को आवेदन पत्र की एक कॉपी डाउनलोड कर सुरक्षित रख लेने की सलाह दी गई है, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

प्रदेश में सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती बड़ा मौका मानी जा रही है। खासकर कंप्यूटर और टाइपिंग का ज्ञान रखने वाली महिला उम्मीदवारों के लिए यह शानदार अवसर है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply