छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ में नकली शराब पैकेजिंग का भंडाफोड़ : पुलिस ने 2.16 लाख रुपये की शराब की जब्त, एक गिरफ्तार और दो फरार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने नकली शराब बनाने और खपाने के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 869 नग नकली शराब बरामद किया है। जब्त शराब की कीमत लगभग 2 लाख 16 हजार रुपये की बताई जा रही है। आरोपी रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर, किंगफिशर सहित कई नामी ब्रांड की पैकेजिंग का दुरुपयोग हो रहा था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू द्वारा बड़े पैमाने पर नकली एवं मिलावटी शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है। पुलिस ने रणनीति बनाकर प्वाइंटर को शराब खरीदने के लिए आरोपी के पास भेजा गया, जिसने दो पौव्वा गोवा शराब खरीदी। खरीदी गई शराब के लेबल और होलोग्राम संदिग्ध पाए गए तथा आबकारी अधिकारियों द्वारा शराब की सुगंध एवं स्वाद की जांच करने पर भी असामान्यता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।

See also  अवैध रेत खनन के खिलाफ सड़क पर बैठे विधायक, कार्रवाई के बाद खत्म किया धरना, टास्क फोर्स ने 5 हाईवा पर की कार्रवाई

पुलिस टीम के पहुंचते ही एक व्यक्ति मौके से भाग निकला, जबकि पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू बताया तथा फरार व्यक्ति की पहचान अपने बड़े भाई सुभाष पटेल के रूप में की। तलाशी के दौरान आरोपी के घर परिसर स्थित गाय रखने वाले कोठे से शराब का ऐसा जखीरा मिला, जिसने जांच टीम को भी चौंका दिया। मौके से रॉयल स्टेज, आईबी, रिजर्व क्वार्टर, गोवा, ब्लैक डॉग, गोल्डन गोवा और किंगफिशर बियर जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों की पैकेजिंग में बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यह पूरी शराब नकली और मिलावटी है, जिसे अवैध रूप से तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था।

See also  भारत के शीर्ष 5 पर्यावरण योद्धाओं में चयनित हुए अमिताभ दुबे, ‘पर्यावरण रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल तथा सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से शराब खरीदते थे। इसके बाद उसमें स्प्रिट एवं अन्य पदार्थों के साथ रेड लेबल चायपत्ती का उपयोग कर शराब की मात्रा बढ़ाई जाती थी। पुराने उपयोग किए गए शराब की बोतलों को एकत्र कर उन्हें साफ किया जाता था और उन पर डुप्लीकेट लेबल तथा नकली होलोग्राम लगाकर पुनः पैकिंग की जाती थी। तैयार की गई इस नकली शराब को कोचियों के माध्यम से असली शराब के साथ बाजार में उतारा जाता था, जिससे आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।


संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई में 869 नग विभिन्न पैमानों (पौव्वा, अद्धी एवं बोतल) की लगभग 240 लीटर नकली शराब के साथ शराब ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली, खाली बोतलें जब्त की गई है, नकली शराब के बिक्री से लगभग 2 लाख 16 हजार 245 रुपये का मुनाफा होना बताये हैं। आरोपी दुष्यंत पटेल ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि कोरोना काल से वह चोरी-छिपे इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपियों सुभाष पटेल और विनय सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।

See also  धमतरी पुलिस-युवक विवाद में नया मोड़ : युवक ने जारी किया वीडियो, कहा- कोई रिश्वत नहीं मांगी गई, मामला आगे नहीं बढ़ाना चाहता

इस मामले में थाना कोतरारोड़ में आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू, सुभाष पटेल एवं विनय ठाकुर के विरुद्ध धारा 61(2), 336(3), 336(4), 340(2), 275 भारतीय न्याय संहिता तथा आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36-च 34(1)(क)(ख) एवं 59-क के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। गिरफ्तार आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू पिता पुरुषोत्तम पटेल, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम धनागर, थाना कोतरारोड़ को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply