छत्तीसगढ़

दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट : बंदूक की बट से किया हमला, फिर सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुए बदमाश

भाटापारा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार बाइक सवार बदमाशों ने ग्राम रोहरा के सराफा व्यापारी बलराम सोनी को बंदूक दिखाकर रोका और बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला कर सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। 

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बलराम सोनी अपनी दुकान खोलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तरेंगा के बाहर सुनसान रास्ते पर चार बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने उन्हें हथियार के बल पर धमकाया और विरोध करने पर बंदूक की बट से सिर पर वार कर दिया। इसके बाद बदमाश व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूटकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और संभावित फरार मार्गों की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि जिस मार्ग पर यह वारदात हुई है, उसी रास्ते पर कुछ वर्ष पहले भी दो सराफा व्यापारियों से लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। उन मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में एक बार फिर उसी इलाके में सराफा व्यापारी को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं व्यापारी वर्ग में इस घटना के बाद आक्रोश और भय का माहौल है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठने लगी है।

Related Articles

Leave a Reply