मां लिंगेश्वरी के खुले कपाट, दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़; 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव स्थित झाटीबन पहाड़ी गुफा में विराजी मां लिंगेश्वरी के कपाट आज सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। प्रथम दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए सुबह से ही पहाड़ी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। साल में सिर्फ एक दिन खुलने वाले इस गुफा मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही करीब 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं।
पुजारी ने बताया कि, गुफा के भीतर प्रवेश करने पर सबसे पहले शेर के पदचिह्न दिखाये थे जो अच्छी बारिश, अच्छी फसल और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता हैं। माता के दर्शन करने वालों में बस्तर महाराजा कमल चंद भंजदेव भी अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल रहे। उन्होंने गुफा में प्रवेश कर मां लिंगेश्वरी की विधिवत पूजा- अर्चना की और संतान प्राप्ति की कामना की।
बता दें कि, मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ सहित देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कई श्रद्धालु 2 दिन पहले से ही यहां डटे हुए हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और प्रवेश मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ स्वास्थ्य और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की गई हैं
मां लिंगेश्वरी के दर्शन का सिलसिला आज रात 12 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद कर मंदिर समिति द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गुफा के द्वार दोबारा बंद कर दिए जाएंगे। साल में सिर्फ एक दिन खुलने वाले इस दरबार में आज श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का सैलाब देखने को मिल रहा है ।




