छत्तीसगढ़

गिधौरी में बाढ़ का पानी उतरा तो सामने आई तबाही : 50 से ज्यादा दुकानों में घुसा पानी, लाखों के नुकसान की आशंका

बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी क्षेत्र में महानदी का जलस्तर कम होने के बाद बाढ़ से हुए नुकसान की तस्वीर सामने आने लगी है। पानी कई दुकानों के भीतर तक पहुंचने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 50 से अधिक दुकानें प्रभावित हुई हैं, जबकि दो दर्जन से ज्यादा कारोबारी सीधे तौर पर बाढ़ की चपेट में आए हैं।

बाढ़ का पानी उतरने के बाद कारोबारी अपनी दुकानों में पहुंचकर सामान बाहर निकालने में जुटे हैं। दुकानों में रखा खाद्य पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और अन्य व्यापारिक सामग्री पानी में भीगकर खराब हो गई है। व्यापारियों के मुताबिक नुकसान लाखों रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि फिलहाल नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है। पानी पूरी तरह निकलने और दुकानों का विस्तृत जायजा लेने के बाद ही वास्तविक क्षति का आकलन हो सकेगा।

See also  21 वर्षीय युवती की हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने किया जोरदार प्रदर्शन, आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग

बाढ़ का असर शबरी सेतु पर भी बना हुआ है। पुल के ऊपर पानी का बहाव जारी होने के कारण प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर यहां से आवागमन बंद कर रखा है। पुल बंद होने से जांजगीर-चांपा, बिलासपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की नजर जलस्तर और पुल की स्थिति पर बनी हुई है।

महानदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे नीचे आने लगा है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि बाढ़ का पानी उतरने के बाद कारोबारियों के सामने अपनी दुकानों को दोबारा व्यवस्थित करने और कारोबार शुरू करने की चुनौती खड़ी हो गई है। 

प्रशासनिक टीमें प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जब तक पुल पर पानी का बहाव पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

See also  बिलासपुर में वोट चोर, गद्दी छोड़ सभा: सचिन पायलट के नेतृत्व कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, प्रदेश के कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

Related Articles

Leave a Reply