किसानों के लिए बड़ी राहत : कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरा बोनस, 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से मिलेगी सहायता राशि

छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में कृषक उन्नति योजना के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लिए गए इस फैसले से अब किसानों को कम धान बेचने पर भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से आदान सहायता राशि मिलेगी। यानी किसान ने एक एकड़ में 21 क्विंटल से कम धान का विक्रय किया है, तब भी उसे निर्धारित पूरी सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा।
पहले किसानों को धान की जितनी मात्रा बेचते थे, उसी के आधार पर आदान सहायता मिलती थी। लेकिन अब नई व्यवस्था में एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज धान के रकबे को आधार बनाया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। इसकी गणना 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से घोषित अंतर राशि और धान के समर्थन मूल्य 2441 रुपये के बीच के अंतर के आधार पर की गई है। इस तरह प्रति क्विंटल 659 रुपये के अंतर को 21 क्विंटल से गुणा करने पर 13,839 रुपये की राशि निर्धारित होती है।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को धान बेचते समय टोकन जारी करवाने के दौरान निर्धारित प्रारूप में आवेदन देना अनिवार्य होगा। सहकारी समितियों में खरीफ सीजन के दौरान बेचे गए धान और पंजीकृत रकबे के आधार पर सहायता राशि का वितरण मार्कफेड के माध्यम से किया जाएगा।
वहीं, जिन किसानों ने खरीफ 2025-26 में धान नहीं बेचा था और इस वर्ष धान बेचने आएंगे, उनके रकबे का सत्यापन कलेक्टर द्वारा किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर रकबे का सत्यापन किया जा सकेगा।
इस योजना का लाभ ट्रस्ट, कंपनियों, शाला विकास समितियों और सरकारी संस्थानों जैसी संस्थाओं को नहीं मिलेगा। किसानों को सहायता राशि का भुगतान कृषि भूमि सीलिंग कानून के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।




