पेट्रोल डालकर बहू को जलाने की कोशिश : महिला गंभीर रूप से झुलसी, पुलिस पर सवाल उठा रही पीड़िता

कवर्धा। कवर्धा जिले के नरोधी गांव से एक महिला को पेट्रोल डालकर जलाने के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। 4 सितंबर को हुई इस घटना में 26 वर्षीय लीला पाली गंभीर रूप से झुलस गईं। पीड़िता का आरोप है कि, उसके ससुर रूप सिंह पाली और सास कुंती पाली ने कथित तौर पर उसके साथ यह वारदात की।
इधर एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि, मामला गंभीर है। आरोप के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है, विवेचना जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन अब पीड़िता पुलिस की कार्रवाई पर ही सवाल उठा रही है। लीला का आरोप है कि, नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़िता के मुताबिक, वह गंभीर हालत में है। उसके दो छोटे बच्चे हैं और इसके बावजूद उसे न्याय के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
पीड़िता का कहना है कि, वह एसपी को भी लिखित शिकायत दे चुकी है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से उसके मन में कई सवाल हैं। उसका आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से उसे डर बना हुआ है। फिलहाल पूरे मामले में पीड़िता के आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। लेकिन दो बच्चों की मां की गुहार और पुलिस कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों ने मामले को गंभीर बना दिया है।




