छत्तीसगढ़

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा गिरफ्तार : रेप पीड़िता की पहचान उजागर करने और आपत्तिजनक कंटेंट प्रसारित करने का आरोप

अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अश्लील प्रसारण के मामले में अंबिकापुर पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने बुधवार दोपहर कार्रवाई करते हुए आकांक्षा को हिरासत में लिया। मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। इस मामले में आकांक्षा टोप्पो के साथ होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद अंसारी समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर बलात्कार पीड़िता की पहचान उजागर करने, उसकी निजता भंग करने और अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 4 अक्टूबर की रात मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बीएनएस की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

शहर के गंगापुर निवासी शैलेन्द्र शर्मा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो, अकील अहमद अंसारी और अन्य सोशल मीडिया चैनल संचालकों ने एक बलात्कार पीड़िता की परिस्थितियों का अनुचित लाभ उठाते हुए उसकी पहचान और निजी जानकारी सार्वजनिक कर दी।

See also  Janjgir-Champa : न्याय की आस में घायल महिला खून से लथपथ हाथ लेकर पहुंची थाने

शिकायतकर्ता के मुताबिक, पीड़िता का इंटरव्यू लेते समय उससे निजी अंगों से जुड़े आपत्तिजनक और अमर्यादित सवाल पूछे गए। आरोप है कि, इस इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, जिससे पीड़िता की निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।

शिकायत में आकांक्षा टोप्पो पर सोशल मीडिया के जरिए लगातार गाली-गलौज और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के भी आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने इसे पीड़िता की निजता और सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य बताया है।

आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ इससे पहले सीतापुर थाने में भी मामला दर्ज हो चुका है। वहीं, इसी प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम में भाजपा नेता रविंद्र तिवारी के खिलाफ भी बलात्कार पीड़िता के चरित्र पर लांछन लगाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर 4 अक्टूबर को ही भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी। फिलहाल, मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

See also  कलयुगी पिता ने 6 साल के बेटे को उतारा मौत के घाट, फिर खुद कर ली आत्महत्या

Related Articles

Leave a Reply