अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों ने मौके पर तोड़ा दम

अंबिकापुर : अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के साल्ही मोड़ के पास हुआ। दोनों भाई घाटबर्रा से डांडगांव में आयोजित दसई करमा देखने जा रहे थे, तभी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक ग्राम घाटबर्रा निवासी धन्ना मझवार (23) और मन्ना मझवार (21) है। दोनों घरवालों को बताकर निकले थे। मोटरसाइकिल से रात को निकलने के बावजूद दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन सहित चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लाया गया। शुक्रवार सुबह सीएचसी उदयपुर में दोनों भाइयों का पोस्टमार्टम कर शव स्वजन को सौंपा गया। घटना से स्वजन में मातम पसरा हुआ है।
अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा कोई पहला नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर जहां-जहां ग्रामीण सड़कें आकर मिलती हैं, वहां गति अवरोधक और सड़क सुरक्षा के अन्य प्रबंध किए जाने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक यह काम पूरा नहीं हुआ है।
साल्ही मोड़ जैसे तिराहों पर न तो ब्रेकर है, न ही संकेतक। रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के कारण यह मार्ग बेहद खतरनाक हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि तेज गति ही इस हादसे का मुख्य कारण है। टक्कर मारने वाली वाहन का पता नहीं चल सका है।



