
बिलासपुर। जिले में दुर्गा पंडालों में चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर आरती कर रही महिला के गले से सोने की चेन पार कर दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तीनों महिलाओं को पकड़कर उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड जब्त किया है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलीपारा रोड का है। पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर की रात श्वेता कश्यप शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में आरती कर रही थीं। इसी दौरान उनके गले से करीब 14 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी हो गई। चेन की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित के बेटे शौर्य कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पंडाल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद संदिग्ध महिलाओं की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को उसलापुर रेलवे स्टेशन पर हुलिए के आधार पर तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा गया। पूछताछ और पहचान की कार्रवाई के बाद वर्षा बंसल, आशा बंसल और सबिता उर्फ सरिता बंसल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने चेन चोरी की वारदात स्वीकार की। साथ ही दुर्गा पंडाल में एक अन्य महिला की चेन चोरी करने और उसे अपनी साथी रीना बंसल को देने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ब्लेड जब्त कर तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



