कोरबाछत्तीसगढ़

अलाव तापते समय महिला के कपड़ों में लगी आग, बचाने गया युवक भी झुलसा

कोरबा। कड़ाके की ठंड से राहत पाने के लिए अलाव तापना एक महिला को भारी पड़ गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर बस्ती में अलाव के पास खड़ी 38 वर्षीय महिला के कपड़ों में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला को बचाने के प्रयास में एक युवक भी झुलस गया। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां महिला की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर बस्ती में कुछ लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान रूबी देवी अलाव के पास फूलबाई नामक महिला से बातचीत करते हुए खड़ी थीं। अचानक उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत आग बुझाने में जुट गए।

See also  छत्तीसगढ़ में बोलेरो की छत से पकड़ाया 100 किलो गांजा, ओडिशा से 100 KG गांजा राजस्थान लेकर जा रहे थे तस्कर, 2 गिरफ्तार

मौके पर मौजूद लोगों ने कंबल और पानी की मदद से आग पर काबू पाया। इसी दौरान जगदीश कुमार नामक युवक ने साहस दिखाते हुए जल रही महिला पर कंबल डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उसके हाथ भी झुलस गए। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल शासकीय रानी धनराज कुंवर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रूबी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि जगदीश कुमार, रूबी देवी के पति लक्ष्मण कुमार के परिचित हैं, जो हलवाई का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मण कुमार भी अस्पताल पहुंचे।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में शाम होते ही ठंड का असर तेज हो जाता है, जिससे लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। नगर निगम द्वारा शहर के चौक-चौराहों और थाना चौकियों पर ठंड से राहत के लिए हीटर भी लगाए गए हैं, जिन्हें शाम के समय चालू किया जाता है। हालांकि, इस घटना ने अलाव जलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। प्रशासन और नागरिकों से अपील की जा रही है कि ठंड से बचाव करते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

See also  सिलिकोसिस फैलाने वाले फैक्ट्री मालिक के खिलाफ तत्काल दर्ज करें गैर इरादतन हत्या का मामला-उमा राजेंद्र राठौर

Related Articles

Leave a Reply