GATE परीक्षा में हाईटेक चीटिंग का भंडाफोड़ : ‘मुन्ना भाई MBBS’ स्टाइल में नकल की साजिश, पुलिस ने छापेमारी कर 6 आरोपियों को दबोचा

रायपुर। राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना डीडी नगर में विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि GATE परीक्षा के दौरान कुछ लोग इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिलाने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल एवं डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में एसीपी पुरानी बस्ती एवं क्राइम के नेतृत्व में थाना डीडी नगर और एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने परीक्षा केंद्र आयन डिजिटल ज़ोन (Ion Digital Zone), सरोना के आसपास गोपनीय निगरानी रखी। इस दौरान कुछ व्यक्तियों को संदिग्ध परिस्थितियों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ और तलाशी में उनके पास नकल कराने में प्रयुक्त ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र के भीतर बैठे अभ्यर्थियों को विशेष ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराए गए थे। अभ्यर्थी प्रश्न पढ़कर बाहर बैठे सहयोगियों तक पहुंचाते थे, जो गूगल सर्च के माध्यम से उत्तर निकालकर ब्लूटूथ डिवाइस से परीक्षार्थियों को भेजते थे। इसके बदले आरोपियों द्वारा परीक्षार्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी।
इसके बाद पुलिस ने परीक्षा केंद्र से संपर्क कर संदिग्ध परीक्षार्थियों की तलाशी ली, जहां उनके पास से ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद की गई। डीडी नगर थाना में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत धारा 318(2), 61(2) BNS, 66 आईटी एक्ट, 10(1) लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम विवेचना कर रही है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामद सामग्री
- 03 नग सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस
- 04 नग ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
- 08 नग मोबाइल फोन
- 03 नग सिम कार्ड
- अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
- नकल से संबंधित सामग्री
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- दर्शन सहवाग (26 वर्ष), छुडानी, बहादुरगढ़, जिला झज्जर, हरियाणा
- सुमित सहवाग (30 वर्ष), छुडानी, थाना बादली, जिला झज्जर, हरियाणा
- लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की (36 वर्ष), भुना, जिला फतेहाबाद, हरियाणा
- अमर (32 वर्ष), भुना, जिला फतेहाबाद, हरियाणा
- नरेंद्र कुमार (29 वर्ष), निगानी खेड़ा, सदर हिसार, जिला हिसार, हरियाणा
- बंटी कुमार (38 वर्ष), भुना, जिला फतेहाबाद, हरियाणा




