देश

92 साल की उम्र में दिग्गज सिंगर आशा भोसले का निधन, सोमवार को होगा अंतिम संस्कार

मुंबई : बॉलीवुड की दिग्गज मशहूर गायिका आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया. वे पिछले कुछ दिन से बीमार चल रही थीं और उन्हें शनिवार को मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वे 92 साल की थीं. शाम को आशा भोसले का पार्थिव शरीर हॉस्पिटल से उनके घर पहुंच गया.

मशहूर सिंगर आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने निधन की पुष्टि की. उन्होंने कहा, “मेरी मां आज गुज़र गईं. लोग कल सुबह 11 बजे लोअर परेल के कासा ग्रांडे में उन्हें आखिरी श्रद्धांजलि दे सकते हैं, जहां वह रहती थीं. उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा.”

बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के लिए साल 2025 बढ़िया नहीं रहा था. इस वर्ष कई कलाकारों का निधन हो चुका है. आशा भोसले के 2026 में निधन से भारतीय कला जगत को बड़ा नुकसान हुआ है.

इससे पहले शनिवार को उनकी पोती जनाई ने ‘इंस्टाग्राम’ पर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी साझा करते हुए लिखा था, “मेरी दादी आशा भोसले को अत्यधिक कमजोरी और छाती में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हम आपसे निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं. उनका इलाज किया जा रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा. हम आप लोगों को निश्चित तौर पर सूचित करते रहेंगे.”

आशा भोसले, दिग्गज गायिका दिवंगत लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं. उन्होंने विभिन्न भारतीय भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए हैं और पद्मिनी एवं वैजयंतीमाला जैसी दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों से लेकर मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान, काजोल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई प्रमुख अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी है.

भोसले के कुछ लोकप्रिय गानों में ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘अभी ना जाओ छोड़कर’, ‘इंतहा हो गई इंतजार की’ आदि शामिल हैं. उन्होंने 2023 में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में दुबई में आयोजित एक विशेष संगीत कार्यक्रम ‘आशा90: लाइव इन कॉन्सर्ट’ में प्रस्तुति दी थी. उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है. उनकी गिनती दुनिया के सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में भी की जाती है.

मीडिया से बात करते हुए, राज्य के सांस्कृतिक मंत्री, आशीष शेलार ने अपनी संवेदनाएं ज़ाहिर करते हुए कहा, “आज, पूरा देश और महाराष्ट्र राज्य गहरे दुख में डूबा हुआ है. एक युग का अंत हो गया है. हमारी प्यारी आशाताई हमारे बीच से चली गई हैं. हमारे बीच उनकी मौजूदगी ही सुकून का जरिया थी. उनकी जिंदगी अपने निजी दुखों को सहते हुए दूसरों को खुशियां देने में लगी रही. उनकी कला की कामयाबियों ने न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. आशाताई की विरासत दुनिया के लिए एक तोहफा है. वह अब हमारे बीच नहीं हैं. सभी जरूरी मेडिकल और पारिवारिक रस्में निभाई जाएंगी. सोमवार शाम 4:00 बजे शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.”

Related Articles

Leave a Reply