छत्तीसगढ़ में फिर टूटी आस्था! यहां हनुमान जी की मूर्ति खंडित, सड़क पर उतरा हिंदू समाज

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अब माहौल को गर्मा दिया है। ताजा मामला जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़पार से सामने आया है, जहां मुख्य सड़क मार्ग किनारे स्थित हनुमान मंदिर में विराजित बजरंग बली की मूर्ति को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने इसे सीधे-सीधे धार्मिक आस्था पर हमला बताया है।
सख्त कार्रवाई की मांग
गौरतलब है कि इससे पहले बलौदाबाजार जिले के गिरौधपुरी में भी मंदिर परिसर के भीतर भगवान शिव की मूर्ति को खंडित किए जाने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मुड़पार में घटना के बाद बजरंग दल सहित सैकड़ों की संख्या में हिंदू समाज के लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर बैठकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। करीब 3 से 4 घंटे तक चला यह प्रदर्शन पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। अधिकारियों ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
लेकिन बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है आखिर कब तक इस तरह आस्था को चोट पहुंचाने वाली घटनाएं होती रहेंगी? और क्या प्रशासन इन घटनाओं पर लगाम लगाने में सफल हो पाएगा? फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति का माहौल है, पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।




