
बिलासपुर। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर बिलासपुर जिले ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 50,044 परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए हैं। यह सफलता प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम जन मन योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है।
जिला प्रशासन ने योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता देते हुए 781.13 करोड़ रुपये की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई और निर्माण कार्य तेज हुआ। क्षेत्रवार आंकड़ों में मस्तूरी विकासखंड 14,973 आवासों के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि बिल्हा में 13,762, कोटा में 11,205 और तखतपुर में 10,104 आवास पूर्ण हुए।
इस सफलता में महिलाओं की भी अहम भूमिका रही। जिले में 113 महिलाओं को ‘रानी मिस्त्री’ के रूप में प्रशिक्षित किया गया, 331 महिलाओं को ‘डीलर दीदी’ बनाकर निर्माण सामग्री आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई और 2,231 महिलाओं को शटरिंग सामग्री किराये पर उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इससे महिलाओं को रोजगार और आय के नए अवसर मिले।
वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले ने कुल 1,03,873 आवास पूर्ण कर छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया है। ग्राम डारसागर की झांगली बैगा और ग्राम नेवसा की कैलाशा बाई जैसी हितग्राहियों के लिए यह योजना सिर्फ मकान नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का प्रतीक बनी है। कलेक्टर संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि ये 50 हजार से अधिक घर गरीब परिवारों के सम्मान और सुरक्षा की मजबूत नींव हैं।




