तेंदुवा धाम में 9 दिवसीय श्रीराम कथा का आगाज़ : CM विष्णु देव साय ने लिया जगद्गुरु रामभद्राचार्य का आशीर्वाद

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण स्थित तेंदुवा धाम में 9 दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और संत-महात्माओं से आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वनवास काल में भगवान श्रीराम के आगमन और माता शबरी की अद्भुत भक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरती ने आस्था, समर्पण और विश्वास की अनूठी परंपरा को सहेज कर रखा है।
रामभद्राचार्य महाराज से लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पद्म विभूषण से सम्मानित संत जगद्गुरु रामभद्राचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया। मंच पर कई संतों की उपस्थिति को उन्होंने सौभाग्यपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में आश्रम परिसर में कई महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक संस्थानों का लोकार्पण किया गया। इनमें हरिवंश औषधालय, पंचकर्म केंद्र, राम-जानकी मंडपम, वैदिक पाठशाला, गौ मंदिर और भव्य प्रवेश द्वार शामिल हैं। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
राम मंदिर और छत्तीसगढ़ की भागीदारी का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के दौरान छत्तीसगढ़ की सहभागिता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों ने 11 ट्रक चावल और चिकित्सा सेवाएं भेजकर अपनी श्रद्धा दिखाई। उन्होंने इसे सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में प्रदेश में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और अब विकास व शांति पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” यहां की संस्कृति और जीवन मूल्यों की सच्ची पहचान है।
राघव सेवा समिति के प्रमुख डॉ. अशोक हरिवंश ने तेंदुवा धाम में निर्माणाधीन भव्य राम मंदिर ‘कलिंग शैली’ में बनाया जा रहा है। यहां औषधालय, वैदिक शिक्षा, गौ सेवा, शबरी रसोई और निर्धन कन्याओं के विवाह जैसे कई सामाजिक कार्य संचालित किए जा रहे हैं। कथा के दौरान दिव्यांगजनों, रक्तदाताओं और विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, महंत रामसुंदर दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे, आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।




