घर में घुसकर अकेली महिला का अपहरण : बंधक बनाकर पति को किया फोन, मांगी 22 लाख की फिरौती

सूरजपुर। सूरजपुर जिले में अज्ञात लोगों ने वाहन बुकिंग के नाम पर घर में घुसे और महिला का हाथ पैर बांधकर अपहरण कर लिया। आरोपियों ने महिला को लगभग 12 घंटे तक बंधक बनाए रखा और 22 लाख रूपए के फिरौती की मांग की। समय रहते पुलिस टीम ने क्षेत्र में नाकेबंदी की तो अपहरणकर्ता महिला को बाईपास पर छोड़कर फरार हो गए। महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से महिला दहशत में है।
पुलिस अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सरनापारा निवासी पैत्रुस कुजूर रिटायर्ड कॉलरीकर्मी है। वे गाड़ी के काम से अंबिकापुर गए हुए थे जबकि घर में उनकी पत्नी ललिता कुजूर अकेली थीं। इस दौरान कार बुकिंग के बहाने कुछ बदमाश घर आए और महिला को अकेली पाकर उसपर हमला कर दिया। आरोपियों ने महिला के हाथ पैर बांधकर उसका अपहरण कर लिया।
22 लाख रूपए दो वरना पत्नी वापस नहीं आएगी
इधर, अंबिकापुर से घर लौटे पैत्रुस कुजूर ने पत्नी को घर में नहीं पाकर खोजबीन शुरू की। इसी बीच उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि तुम्हारी पत्नी का अपहरण हो गया है और 22 लाख रूपए दो वरना पत्नी वापस नहीं आएगी। अपहरण और फिरौती की बात सुनते ही पैत्रस कजर के होश उड़ गए। उसने इस घटना की जानकारी अपने परिजन व परिवार के सदस्यों को दी। इसके साथ ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
जिलेभर में नाकेबंदी कर सचिंग अभियान चलाया गया
महिला का अपहरण और फिरौती मांगने की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम हरकत में आई और जिलेभर में नाकेबंदी कर सचिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 12 घंटे तक आरोपियों ने महिला को बंधक बनाए रखा। पुलिस की बढ़ती दबिश और लगातार हो रही सचिंग को देखकर आरोपी घबरा गए और पकड़े जाने के डर से रात के करीब 3 बजे महिला को बाईपास रोड के पास छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
चल रही है तलाश
सूरजपुर के एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि, घटना की सूचना मिलने के बाद नाकेबंदी कर महिला और आरोपियों की खोजबीन की जा रही थी। अपहरणकर्ताओं द्वारा 22 लाख रुपए मांगे जाने की बात भी सामने आई है। देर रात 3 बजे अपहरणकर्ता महिला को बाइपास के पास छोड़कर फरार हो गये। महिला का उपचार अस्पताल में चल रहा है। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है और उनकी तलाश जारी है।
महिला का चल रहा उपचार
घंटों तक महिला के हाथ पैर बंधे रहने के कारण वह घायल हो गई है, इसके साथ ही उसके सिर व शरीर पर चोट के निशान है। अपहरण की घटना से महिला काफी दहशत में है। घटना की सूचना के बाद पुलिस व परिजन द्वारा महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला का अपहरण करने की घटना से पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रही है लेकिन फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।




