अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 21 चोरी की बाइक बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये कीमत की 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरोह का नेटवर्क रायगढ़, कोरबा, सक्ती और ओडिशा तक फैला हुआ था।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को कमला नेहरू गार्डन के सामने से चोरी हुई एक बाइक की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मेडिकल कॉलेज रोड पर दो युवक चोरी की बाइक बेचने की फिराक में हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने अनिल मिश्रा और अमृत बहादुर को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों बोलो निषाद, चंद्रकुमार तिवारी और चंदन राय के साथ मिलकर वाहन चोरी की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने रायगढ़, कोरबा, सक्ती के डभरा और मालखरौदा क्षेत्र तथा ओडिशा के बरगढ़ सहित विभिन्न इलाकों से संगठित तरीके से बाइक चोरी करना कबूल किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। मामले में पुलिस ने संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




