छत्तीसगढ़

चरोदा क्षेत्र में मिला दुर्लभ सफेद करैत : वन विभाग ने रेस्क्यू कर रांजनांदगांव के जंगलों में छोड़ा

भिलाई। दुर्ग जिले के चरोदा क्षेत्र के पंचशील नगर में एक घर से दुर्लभ श्वेतवर्णी (ल्यूसिस्टिक) करैत सांप मिला है। वन विभाग की तत्परता और सर्प विशेषज्ञों की मदद से इस दुर्लभ सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर राजनांदगांव वन मण्डल में छोड़ दिया गया है।

वनमण्डाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई को पंचशील नगर स्थित एक घर में सफेद रंग का सांप होने की सूचना मिली। सूचना पर दुर्ग वन मंडल की टीम और सांप रेस्क्यूअर विजय शर्मा मौके पर पहुंचे। इसके बाद सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया गया। शुरुआती जांच में यह अत्यंत दुर्लभ श्वेतवर्णी करैत सांप होना पाया गया।

सर्प विशेषज्ञों द्वारा जांच के बाद इसके श्वेतवर्णी करैत होने की पुष्टि की गई। इसके बाद दुर्ग वनमंडलाधिकारी श्री दिपेश कपिल के निर्देशानुसार 23 जुलाई को दुर्ग के आर.ए. श्री प्रमोद यादव, सर्प मित्र विजय शर्मा एवं सर्प विशेषज्ञ अविनाश मौर्या की टीम ने इस दुर्लभ सर्प को राजनांदगांव वनमंडल के आर.एफ. 549 स्थित प्राकृतिक पर्यावास में सुरक्षित रूप से छोड़ा गया। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि, किसी भी वन्यजीव या सर्प के दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूअर को सूचना दें।

विशेषज्ञों के मुताबिक, शरीर में रंगद्रव्य (मेलानिन) की कमी के कारण उत्पन्न होने वाली आनुवंशिक अवस्था को ल्यूसिज्म कहा जाता है। इसी कारण इस करैत का रंग सामान्य काले-पीले की बजाय सफेद दिखाई देता है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार के श्वेतवर्णी करैत का मिलना अत्यंत दुर्लभ है और दक्षिण एशिया में इसके बहुत कम अभिलेख दर्ज हैं। भारत में महाराष्ट्र और ओडिशा तथा नेपाल के कुछ क्षेत्रों में ही इसके मिलने की जानकारी उपलब्ध है।

Related Articles

Leave a Reply