छत्तीसगढ़

रायपुर में रैपिडो चालक ने तोड़ा महिला यात्री का भरोसा, हैंडबैग लेकर हुआ फरार, 65 हजार का सामान चोरी

रायपुर। राजधानी में आनलाइन बाइक टैक्सी सेवा रैपिडो से यात्रा कर रही एक महिला का हैंडबैग चालक द्वारा चुराने का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि चालक उसका बैग लेकर फरार हो गया, जिसमें मोबाइल फोन, 56 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और बैंक पासबुक रखी हुई थी।

पुलिस के अनुसार, बोरियाखुर्द निवासी भावना शर्मा ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह अक्सर रैपिडो सेवा का उपयोग करती हैं और उनकी पहचान चालक भीमगज उर्फ विक्की से हुई थी। 22 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे उन्होंने एयू बैंक फाफाडीह जाने के लिए विक्की को फोन कर राइड बुक की। तेज बारिश के कारण उन्होंने अपना हैंडबैग चालक के बैग में रखवा दिया।

महिला ने बताया कि चालक ने उन्हें दोपहर करीब 1:30 बजे एयू बैंक के सामने डागा पेट्रोल पंप के पास उतार दिया, लेकिन उनका हैंडबैग वापस नहीं किया। आरोप है कि चालक बैग लेकर तेजी से फरार हो गया। महिला ने उसे रोकने और पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। बैग सहित सामान की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संबंधित चालक की तलाश की जा रही है। सर्विस प्रोवाइडर से उसका पता-ठिकाना पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply