
बिलासपुर। बिलासपुर की एक युवती की शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने लोरमी निवासी बिल्डर नरेन्द्र खत्री सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 में काम के सिलसिले में उसकी पहचान बिल्डर से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध बन गए।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे घुमाने के बहाने लोरमी, गोवा, कान्हाकिसली समेत अन्य स्थानों पर ले गया। आरोप है कि गोवा प्रवास के दौरान आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में अन्य स्थानों पर भी उसके साथ अनाचार किया गया। शिकायत के अनुसार जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने विवाह से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान युवती द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चकरभाठा थाना पुलिस ने बिल्डर नरेन्द्र खत्री सहित चार लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पक्ष का बयान सामने आने के बाद उसे भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।




