
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के दिन शहर के सदर बाजार के सराफा कारोबार में एक सोने के कड़े की जांच ने ऐसा विवाद खड़ा कर दिया कि मामला कारोबारी बहस से निकलकर पुलिस तक पहुंच गया। जानकारी के मुताबिक सदर बाजार स्थित एसके ज्वैलर्स से खरीदे गए सोने के कड़े को ग्राहक बिक्री से पहले उसकी शुद्धता की जांच कराने के लिए मालाबार ज्वैलर्स के शोरूम लेकर पहुंचा था। वहां कैरेटोमीटर मशीन से जांच में कड़े की शुद्धता कथित तौर पर 22 कैरेट के बजाय 20 कैरेट बताई गई। ग्राहक ने इसकी जानकारी उस कारोबारी को दी, जहां से कड़ा खरीदा गया था। इसके बाद दुकान संचालक भी ग्राहक के साथ मालाबार ज्वैलर्स पहुंचा और कड़े की दोबारा जांच कराई गई।
दूसरी जांच में वही कड़ा 22 कैरेट बताया गया। एक ही कड़े की जांच में दो अलग-अलग परिणाम सामने आने के बाद सराफा कारोबारियों के बीच मामला गरमा गया और मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच के लिए कैरेटोमीटर मशीन और DVR को कब्जे में लेने की कार्रवाई की। फिलहाल विवाद की असली वजह क्या थी, मशीन की जांच में अलग-अलग परिणाम क्यों आए और सोने के कड़े की वास्तविक शुद्धता क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। हालांकि, एक ही कड़े की जांच में सामने आए दो अलग-अलग परिणामों ने शहर के सराफा कारोबार में हलचल जरूर तेज कर दी है।




