सूरजपुर में बारिश का कहर : सड़कें बहीं, मकान धराशायी और उफान पर बरगा नदी, कई गांवों का संपर्क टूटा

सूरजपुर। जिले के दूरस्थ चांदनी-बिहारपुर इलाके में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश अब ग्रामीणों के लिए आफत बन गई है। भारी बारिश के चलते कहीं गांवों के भीतर की सड़कें बह गईं तो कहीं कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। वहीं, नदी-नालों के उफान पर आने से कई गांवों का सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है।
लगातार बारिश के कारण कांतीपुर गांव में सड़क के बीच बनी पाइप पुलिया पानी के तेज बहाव में बह गई। पुलिया के बह जाने से ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है। रोजमर्रा के काम और जरूरी सामान के लिए आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मूसलाधार बारिश का असर खैरा और कांतीपुर गांव में भी देखने को मिला। बारिश के कारण दोनों गांवों में कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। हादसे के वक्त घर के अंदर छोटे बच्चों समेत परिवार के सदस्य मौजूद थे, लेकिन सभी बाल-बाल बच गए। मकान गिरने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जरूरी सामान को सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।
बरगा नदी उफान पर, कई गांवों का संपर्क टूटा
लगातार बारिश के कारण रसोकी गांव स्थित बरगा नदी उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। नदी-नालों में तेज बहाव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के चलते दैनिक जरूरतों और जरूरी कामों के लिए भी आवाजाही मुश्किल हो गई है। कई स्थानों पर सड़क और पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
बारिश के बीच प्रशासन ने ग्रामीणों से उफनती नदी और नालों को पार नहीं करने की अपील की है। लोगों को जलस्तर बढ़ने वाले स्थानों से दूर रहने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




