छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

हसदेव नदी में डूबे तीनों युवकों की मौत, सभी के शव बरामद; देवरी पिकनिक स्पॉट पर रोक की तैयारी

जांजगीर चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव में हसदेव नदी में हुए हादसे में लापता तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं,शुक्रवार को नदी के तेज बहाव में तीन युवक बह गए थे,हादसे के बाद एसडीआरएफ,डीडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही थी,जानकारी के अनुसार, आज सुबह 6:15 बजे सचिन सिंह,पिता यशवंत सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी सूरजपुर का शव बरामद किया गया। इसके बाद सुबह 7 बजे मुरारी साहू, पिता अशोक साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी कवर्धा का शव भी मिल गया। इससे पहले पवन पाल, निवासी चिरमिरी का शव बरामद किया जा चुका था। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि बिलासपुर के चौकसे फार्मेसी कॉलेज में पढ़ने वाले 4 छात्र और 4 छात्राएं, कुल 8 लोग, देवरी पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक नदी में हाथ धोने उतरा और तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य युवक भी नदी में चले गए और बह गए।

घटना के बाद से घटनास्थल से कुदरी बैराज तक ड्रोन से भी निगरानी की जा रही थी। लापता युवकों के परिजन और एसडीएम मौके पर मौजूद रहे। हादसे के बाद जिला प्रशासन देवरी पिकनिक स्पॉट को डेंजर जोन घोषित कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है। ग्रामीणों ने भी यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पर्यटकों को आने से रोकने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply