रायपुर में स्कार्पियो सवार तीन बदमाशों ने किया ट्रांसपोर्ट कारोबारी का दिनदहाड़े अपहरण, 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

रायपुर। राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र खमतराई में दिनदहाड़े एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रांवाभाठा स्थित डीएम टावर के सामने से काले रंग की स्कार्पियो में सवार होकर आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय का अपहरण किया है। 24 घंटे पहले दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद अब तक पुलिस के हाथ खाली है।अब तक फिरौती का कोई फोन नहीं आया है। दुस्साहसिक घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस सक्रिय हो गई और संभावित रास्तों पर घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 2:28 बजे की है। प्रतीक राय दोपहर का भोजन करने के लिए डीएम टावर स्थित अपने फ्लैट पहुंचे थे। तभी काले रंग की स्कार्पियो उनके भवन के बाहर आकर रुकी। उसमें सवार तीन युवक सीधे उनके घर पहुंचे और कुछ जरूरी बात करने का हवाला देकर प्रतीक को नीचे बुलाया। प्रतीक सामान्य समझकर नीचे आए और कुछ देर बातचीत चली। इसके बाद तीनों ने अचानक प्रतीक को जबरदस्ती गाड़ी के अंदर धकेल दिया और तेजी से वाहन लेकर भाग निकले।
घटना के बाद से ही प्रतीक राय का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिजन अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं। पति के अचानक गायब होने से परेशान पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
छानबीन के दौरान कालोनी के एक जागरूक युवक ने पुलिस को बताया कि उसने स्कार्पियो सवार युवकों में से दो के मोबाइल नंबर पता हैं। पुलिस अब इन नंबरों की कॉल डिटेल और टॉवर लोकेशन खंगाल रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से स्कार्पियो का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कारोबारी को छुड़ा लिया जाएगा।




