युवा कांग्रेस चुनाव रद्द करने की मांग : पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने बोले-निष्पक्ष नहीं हुआ, 400 शिकायतों से गरमाया मामला

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। फर्जी वोटिंग, तकनीकी गड़बड़ी और OTP के कथित दुरुपयोग के आरोपों के बीच अब कांग्रेस के भीतर से ही चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने युवा कांग्रेस का चुनाव रद्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस बार चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हो पाया और पूरे मामले में चुनाव प्राधिकरण को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
बताया जा रहा है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 400 शिकायतें चुनाव प्राधिकरण तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया की जांच पूरी होने तक परिणाम घोषित नहीं करने और जरूरत पड़ने पर चुनाव को रद्द कर दोबारा कराने की मांग की है।
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर सामने आए विवाद के बीच राजनीतिक तौर पर कांग्रेस पर भी सवाल उठ रहे हैं। पार्टी के शीर्ष नेता जहां दिल्ली में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ में पार्टी के आंतरिक संगठन चुनाव के दौरान नियुक्त चुनाव अधिकारियों की भूमिका पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायतों का मामला अब प्रदेश से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर के चुनाव प्राधिकरण तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
भिलाई-दुर्ग में युवा कांग्रेस चुनाव के दौरान फर्जी वोटिंग और तकनीकी गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। खुर्सीपार के शासकीय आईटीआई में फर्जी मतदाता पहचान पत्र के जरिए ऑनलाइन मतदान कराने का आरोप लगाया गया। प्रत्याशी अर्जुन शर्मा की ओर से खुर्सीपार थाने में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा कॉल सेंटर के माध्यम से दूसरे लोगों की पहचान का इस्तेमाल कर वोटिंग कराए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
जशपुर में कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनयशील ने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि मतदान समाप्त होने के बाद उनके मोबाइल नंबर से जुड़ी आईडी में सात अतिरिक्त अनपेड वोट दिखाई दिए। उनके मुताबिक इनमें कोरबा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और सूरजपुर से जुड़े वोट शामिल थे। उन्होंने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
राजनांदगांव में शहर जिला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमर झा और विप्लव शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी मोबाइल आईडी से छेड़छाड़ कर दूसरे प्रत्याशियों के पक्ष में वोट डाले गए। दोनों प्रत्याशियों ने इस संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
बिलासपुर में ऑनलाइन मतदान के दौरान कथित फर्जी वोटिंग और वोट मैनेजमेंट से जुड़ा एक ऑडियो सामने आने का दावा किया गया। इसके बाद विधायक अटल श्रीवास्तव ने भी इस तरह की शिकायतें मिलने की बात कहते हुए मामले को कांग्रेस कमेटी के संज्ञान में भेजने की जानकारी दी।
मुंगेली में भी युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर विवाद सामने आया। स्थानीय प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश से कुछ लोगों को बुलाकर मतदान कराया गया। शिकायत में दावा किया गया कि ये लोग मुंगेली पहुंचे थे और सर्किट हाउस में ठहरे थे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव में करीब 14 लाख 56 हजार वोट पड़ने की जानकारी सामने आई है। इसी बीच प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनयशील ने मतदान में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए इस्तेमाल किए गए ‘With IYC’ एप की तकनीकी जांच की मांग की। विनयशील ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनके एप अकाउंट में सात नए अनपेड वोट जुड़ गए। उनके अनुसार इनमें सूरजपुर से एक, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से चार और कोरबा से दो वोट दिखाई दिए। उन्होंने दावा किया कि इन वोटों के लिए उन्होंने स्वयं मतदान नहीं कराया और ये वोट प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी क्रमांक चार के पक्ष में दर्ज हुए।
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच अब चुनाव प्राधिकरण की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। शिकायतकर्ताओं की मांग है कि कथित फर्जी वोटिंग, तकनीकी गड़बड़ी, OTP और एप से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।




