बिलासपुर में हाई-वोल्टेज ड्रामा : मोबाइल टॉवर की चोटी पर चढ़ी महिला, हाथ हिला-हिलाकर कर रही डांस

बिलासपुर। जिले के तखतपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुराने बस स्टैंड पर लगे ऊंचे मोबाइल टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से पर एक महिला चढ़ गई। टॉवर पर चढ़ने के बाद वह न सिर्फ बेखौफ खड़ी रही, बल्कि हाथ मटकाते हुए नजर आई। इस नजारे को देख नीचे खड़े लोगों के होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। टॉवर के नीचे महिला पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और आम लोग जमा हो गए। सभी हाथों के इशारे से महिला को नीचे उतरने के लिए कह रहे हैं, लेकिन टॉवर की ऊंचाई और तेज हवा के कारण आवाज उस तक नहीं पहुंच पा रही है। महिला किसी की सुनने को तैयार नहीं है और अपनी ही धुन में टॉवर के टॉप पर टहल रही है।
इधर इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला बिना किसी डर के टॉवर के टॉप पर खड़ी होकर हाथ हिला रही है। फिलहाल महिला किस वजह से टॉवर पर चढ़ी है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। शुरुआती जानकारी में उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होने की बात सामने आ रही है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया है और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।




