पामगढ़ में अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग, ₹10 हजार वसूलने के बाद भी नहीं रुका आरोपी; 24 घंटे में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने के मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रूपेश भारती को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पीड़िता से 10 हजार रुपये वसूलने के बाद भी लगातार धमकी देकर परेशान करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता के नहाते समय चोरी-छिपे उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। इसके बाद आरोपी ने इन तस्वीरों और वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से 10 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से पीड़िता ने आरोपी को पैसे दे दिए। इसके बावजूद आरोपी की कथित ब्लैकमेलिंग बंद नहीं हुई। आरोप है कि वह लगातार पैसे की मांग करता था और रकम नहीं देने पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी देता था।
लगातार प्रताड़ना से परेशान पीड़िता ने पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 77, 79 और 308(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक कविता टंडन तथा आरक्षक भुनेश्वर पटेल और सीताराम सूर्यवंशी का योगदान रहा।




