छत्तीसगढ़

65 लाख का धान गबन : धान खरीदी प्रभारी सलाखों के पीछे, एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने दबिश देकर किया गिरफ्तार

मुंगेली। छत्तीसगढ़ शासन की प्रमुख योजना धान खरीदी में घोटाले की एक बड़ी खबर मुंगेली जिले से सामने आई है। तरवरपुर धान खरीदी केंद्र में 65 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सरकारी धान के गबन के मामले में एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी सरजू बघेल, खरीदी केंद्र तरवरपुर में प्रभारी के पद पर पदस्थ था। जांच में सामने आया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान उसने 2094.64 क्विंटल धान का कोई लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया। यह धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 65,02,684 रुपये कीमती था, जो रिकॉर्ड में दर्ज तो था, लेकिन भौतिक रूप से कहीं उपलब्ध नहीं पाया गया।

तरवरपुर केंद्र की अनियमितता की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सेतगंगा शाखा के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के प्रबंधक सुमरन दास मानिकपुरी ने फास्टरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।इस आधार पर थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 65/2025 दर्ज कर, भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) एवं 316(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में तत्काल कार्रवाई की गई।

See also  आयुष्मान के 600 करोड़ बकाया: निजी अस्पतालों ने चेताया- 10 दिन में भुगतान नहीं किया तो इलाज बंद

पुलिस ने ग्राम फंदवानीकापा स्थित आरोपी के घर दबिश दी। सरजू बघेल ने पुलिस को देख मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने गबन की बात कबूल की। उसके पास से धान खरीदी रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply