अकलतरा जनपद के बाद अब जिला पंचायत जांजगीर-चांपा में भगवा की तैयारी

कांग्रेस की नाव छोड़कर भाजपा के जहाज में सवार हुईं उर्मिला यादव

जांजगीर-चांपा@मानस-वार्ता।
जिला पंचायत में आरक्षित अजा महिला अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए बुधवार को चुनाव प्रक्रिया के ठीक एक दिन पहले भाजपा ने अपने सदस्यो की संख्या में इजाफा किया है। ऐसा माना जा रहा है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन निर्विरोध रूप से भाजपा के पाले में आये। जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन के एक दिन पहले भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर रसेडा क्षेत्र क्रमांक 11 से जिला पंचायत सदस्य उर्मिला रविन्द्र यादव ने भाजपा की नाव में सवार हो गयी।
बताया जा रहा है कि उर्मिला यादव ने बिलासपुर में छगन मुंदड़ा प्रदेश भाजपा नियुक्ति प्रभारी ने उन्हें भाजपा का भगवा गमछा ओढ़ाकर भाजपा प्रवेश कराया है। इस अवसर पर अकलतरा के दोनों पूर्व विधायक सौरभ सिंह तथा चुन्नी लाल साहू, चुनाव प्रभारी अकलतरा इंजीनियर रवि पांडे, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल उपस्थित थे। ऐन जिला पंचायत चुनाव के ठीक एक दिन पहले कांग्रेस के पांच जिला पंचायत सदस्यो में से एक उर्मिला यादव ने भाजपा में प्रवेश किया है। कांग्रेस में अब केवल चार सदस्य रह गये है और अगर कांग्रेस की रीति नीति से प्रभावित होकर दो निर्दलीय जिला पंचायत सदस्यों ने कांग्रेस में प्रवेश कर भी लिया हालांकि यह फिलहाल संभव नहीं है, तो भी कांग्रेस के पास छह सदस्य ही होंगे जबकि भाजपा के पास पर्याप्त बहुमत है इसलिए कल का चुनाव केवल औपचारिक होगा। पूरी तरह यह माना जा रहा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा से होगा। अब भाजपा को तय करना है कि वह किसे जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठते हुए देखना पसंद करेंगी भाजपा के पास आज खुशी मनाने की दो वजह हो गई है। आज जनपद पंचायत अकलतरा में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भाजपा के प्रत्याशियों ने जीता और अब जिला पंचायत अध्यक्ष भी तय माना जा रहा है।
आज के इस घटनाक्रम से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि बागी जिला पंचायत सदस्य के ससुर ग्राम सचिव पद पर हैं और भ्रष्टाचार में सर से पांव तक लिप्त है और माना जा रहा है कि इसी कमजोर दरवाजे से उर्मिला यादव का भाजपा में प्रवेश हुआ है।
जनपद अध्यक्ष बनी भाजपा की शकुन अघरिया, कमलेश बने उपाध्यक्ष

जांजगीर-चांपा@मानस-वार्ता।
जनपद पंचायत अकलतरा के अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हुआ और इस चुनाव में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अन्नु शकुन अघरिया पांच वोट से जीती है वहीं कमलेश पाटले भी पांच वोट से अपने प्रतिद्वंद्वी को हराया है। आज जनपद पंचायत अकलतरा में जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष साथ ही जनपद सदस्य सुबह दस बजे से उपस्थित थे। जनपद अध्यक्ष के लिए अन्नु शकुन अघरिया और सुष्मिता सुमीत प्रताप ने अपना नाम आगे रखा वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए पूर्व सरपंच मूलीडीह कमलेश पाटले और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रामकुमार कौशिक की पत्नी मालती कौशिक ने अपना नाम प्रस्तुत किया। तीन घंटे तक चली चुनावी प्रक्रिया और मतदान के बाद वोटो की गिनती की गई जिसमें अन्नु शकुन अघरिया को 14 वोट तो सुष्मिता सुमीत प्रताप सिंह को 9 वोट मिले वहीं कमलेश पाटले को भी 14 वोट मिले हैं। दोनों ही जीत चुके प्रत्याशी को 14-14 वोट मिले हैं।
क्षेत्र क्रमांक 23 की जनपद पंचायत सदस्य गीता भारद्वाज की डिलीवरी तीन दिन पहले हुई है और वो शाल लपेटे कानों को बांध कर वोट देने आयी थी। उनकी स्थिति देखकर उन्हें पहले मतदान कराया गया और उन्हें छोड़ दिया गया।
विदित हो कि उनके पति केवल भारद्वाज कटनई के सरपंच थे और सरपंच सामान्य सीट आने के कारण वे चुनाव नहीं लड़ सके और जनपद सदस्य भी अनुसूचित जाति महिला आया इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी गीता भारद्वाज को जनपद सदस्य के लिए खड़ा किया और वे जीत भी गई है।
कुछ लोग जनपद पंचायत के अंदर फोन लेकर जा रहे थे लेकिन जब उन्होंने पत्रकारों को देखा तो अधिकारियों ने फोन बाहर ही रखवा दिया। यह चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। जीतने के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष और उनके समर्थकों ने जीत का जश्न मनाते हुए अकलतरा में रैली निकाली।