जांजगीर-चांपा: सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील वीडियो प्रसारित कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम विक्की सूर्यवंशी (28 वर्ष), निवासी भदौरा थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर है। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो अपलोड कर प्रसारित करना पाया गया। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 67(बी) एवं पाक्सो एक्ट 15(1)(2) के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन और अति पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने यह कार्रवाई की। जांच में यह सामने आया कि आरोपी फेसबुक के जरिए बाल अश्लीलता से जुड़ी सामग्री प्रसारित कर रहा था।
पुलिस की अपील
- सोशल मीडिया में महिला एवं बच्चों से संबंधित अश्लील फोटो या वीडियो साझा न करें।
- साइबर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया साइट्स पर लगातार नजर रखी जा रही है।
- सोशल मीडिया पर किया गया पोस्ट या मैसेज व्यक्तिगत नहीं होता, बल्कि यह अनेक लोगों तक पहुंचता है।
- किसी भी मैसेज या फोटो-वीडियो को फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।




