ओडिसा से छत्तीसगढ़ ला रहे 75 लाख रुपये के साथ दो ब्यक्ति गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ में जुटी

महासमुंद: जिले के टेमरी नाका में पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए गए. कार सवार लोगों के पास इससे जुड़े दस्तावेज नहीं थे. पुलिस ने नकदी के साथ कार और मोबाइल फोन सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है.
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई कार
पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार (OD 05 PB 2122) संदिग्ध लगी. कार को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई.
कार में सवार दो लोगों से पूछताछ
कार चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम राजेन्द्र महानंद (27 वर्ष) निवासी मुंडापला थाना बेलपला जिला बलांगीर, उड़ीसा बताया. वहीं उसके बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47 वर्ष) निवासी वार्ड 02, डेली मार्केट कांटाबांजी थाना कांटाबांजी जिला बलांगीर, उड़ीसा बताया.
बैग में मिले 75 लाख रुपये
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो बीच की सीट पर रखे नीले रंग के बैग में नकदी मिली. बैग के अंदर 500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले. प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट थे. इस तरह कुल 75 लाख रुपये बरामद हुए.
पैसे के संबंध में नहीं दिखा सके दस्तावेज
पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि यह पैसा सोना-चांदी के कारोबार के लिए कांटाबांजी से रायपुर ले जाया जा रहा था और इसे मनोहर मका एंड कंपनी और 60 ज्वेलर्स को देना था. हालांकि पुलिस द्वारा धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देने के बाद भी वह इस रकम के कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके.
कार, नकदी और मोबाइल जब्त
दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संपत्ति जब्त की भी कार्रवाई की. इसमें ओडिशा पासिंग की होंडा कार जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है उसे जब्त किया गया. वहीं 75 लाख रुपए कैश के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.




