जांजगीर-चांपा डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा : शादी में फोटो खींचने वाला ही निकला कातिल, होली मास्क पहन बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से हत्या

जांजगीर-चांपा के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में हुई वृद्ध साहू दंपति की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाली दर्दनाक कहानी है… जहां भरोसा ही मौत का कारण बन गया।
जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहीं अब सन्नाटा और मातम पसरा है। उसी खुशी के माहौल में आए कुछ लोग दरअसल मौत की साजिश बुन रहे थे।
गांव के ही दो नशेड़ी—गजेंद्र पाल और सुरेंद्र यादव—ने होली का मुखौटा और नकली बाल पहनकर अपनी पहचान छुपाई और छत के रास्ते घर में घुस गए।
रात की खामोशी में जब बुजुर्ग दंपति की नींद खुली, तो सामने खड़े थे नकाबपोश दरिंदे… और कुछ ही पलों में चाकू के वार से उनकी जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली गई।
पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में तेजी दिखाते हुए करीब 50 संदिग्धों की सूची बनाई और जांच शुरू की। खून से सने पैरों के निशान और आरोपी के हाथ में चोट के निशान ने सच्चाई का पर्दाफाश कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि शादी के दौरान ही घर की रेकी कर ली गई थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें आरोपी को फरार कराने वाले भी शामिल हैं। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल और लूट का सामान बरामद किया गया है।
अब गांव में एक ही सवाल गूंज रहा है—क्या अब अपनों पर भी भरोसा करना सुरक्षित है?




