शादी के नाम पर धोखा: भाजपा नेता का बेटा गिरफ्तार, युवती ने यौन शोषण का आरोप लगाया

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के कसडोल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के नाम पर धोखा और शोषण के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी, जिसे एक स्थानीय भाजपा नेता का बेटा बताया जा रहा है, ने रायपुर के आर्य समाज मंदिर में युवती से विवाह करने का दावा किया और साथ रखने का वादा किया।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के भरोसे पर उसे लंबे समय तक गुमराह किया गया और बाद में आरोपी ने किनारा कर लिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
रायपुर आर्य समाज मंदिर में हुई शादी
कसडोल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी विजय किशोर जायसवाल, जो एक स्थानीय भाजपा नेता का बेटा बताया जा रहा है, ने रायपुर के आर्य समाज मंदिर में युवती से शादी रचाई। शादी के बाद उसने युवती को पत्नी का दर्जा देने का वादा किया, लेकिन हकीकत में उसे लगातार गुमराह करता रहा।
करता रहा यौन शोषण
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार संबंध बनाए और हर बार साथ रखने का आश्वासन देकर मुकरता रहा। जब युवती ने दबाव बनाया तो आरोपी ने किनारा कर लिया।
युवती की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार
आखिरकार, ठगी और शोषण से तंग आकर युवती ने कसडोल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 180/26 के तहत बीएनएस की धारा 69 में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी में जुटी है, वही इस घटना के बाद शहर में चर्चा तेज है।




