दमकाडीह के पास फूटी नहर : सैकड़ों एकड़ खेतों में भरा पानी, सिंचाई विभाग के अफसर बेपरवाह

राजिम। राजिम से एक बड़ी खबर सामने आई है। पैरी नदी के उस पार दमकाडीह में नहर नाली के फूट जाने से लगभग 100 एकड़ के आस पास धान के खेतों में पानी भर गया है। इससे धान के पौधे तबाही के कगार पर पहुंचने लगे हैं। विभाग के अधिकारी कान में तेल डालकर सोए हुए हैं।
बता दें कि, जिस हिस्से में ये नाली फूटा है वह धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक के हिस्से में आता है और यहां राजिम क्षेत्र के सिकासार जलाशय का पानी कुकदा पैरी पिकअप वियर के लेफ्ट केनाल से पहुंचता है। नहर का फूटा हुआ ये वही हिस्सा है जो पिछले साल भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
किसानों ने अफसरों के ध्यान में इसे लाया था सो काम चलाऊ रिपेयरिंग कर दिया था। अब वही हिस्सा फिर से फूट गया है। इसे फूटे हुए 15 दिन हो गए, पर क्या मजाल है कि, विभाग के जिम्मेदार इंजीनियर और एसडीओ ने ध्यान दिया हो? जबकि ये क्षेत्र प्रदेश के तेज तर्रार विधायक अजय चंद्राकर के विधानसभा में आता है।
मतलब साफ है कि अफसरों को उनका भी डर नहीं है नहीं तो ये स्थिति नहीं आती। दरअसल ये हिस्सा कुरूद और मगरलोड से काफी दूर पड़ता है। जहां न तो जिले का कोई बड़ा अधिकारी आता-जाता है और न ही कोई स्थानीय नेता देखने वाला है। बहरहाल भेण्डरी संवाददाता यादराम साहू को जब जानकारी मिली तो बरसते पानी के बीच मौके पर पहुंचे और इस फूटे हुए नहर नाली की तस्वीर भेजकर प्रभावित किसानो से बात की। गांव के पूर्व उप सरपंच रहे किसान समारू निषाद ने बताया कि, वह तीन बार धान बीज डाल चुका है लेकिन बारिश होने और नहर फूटने के कारण पानी की धार खेतों में घुस जाता है जिससे चलते धान का अंकुरण नहीं हो पा रहा है।




