कांवड़ियों और यात्रियों को रेलवे की बड़ी सौगात, सावन में अपने पूरे रूट पर चलेगी ‘साउथ बिहार एक्सप्रेस’, कैंसिल करने का फैसला वापस

रायपुर। श्रावणी मेले के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम (जसडीह/देवघर) जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम बनाने के लिए रेलवे ने राहत दी है। गाड़ी संख्या 13288/13287 दुर्ग–आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस को पूरे अगस्त (सावन) माह में अपने पूर्ण निर्धारित मार्ग पर बहाल कर दिया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल (कंसबहाल-धारुआडीही खंड) में ट्रैक रखरखाव और बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है।
इसके कारण साउथ बिहार एक्सप्रेस को विभिन्न तिथियों में दुर्ग से राउरकेला के बीच ही चलाने का निर्णय लिया गया था। हालांकि सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुविधा को देखते हुए रेल प्रशासन ने इस फैसले को बदलते हुए ट्रेन को पूरे मार्ग पर चलाने का निर्णय लिया।
आरा से दुर्ग (गाड़ी संख्या 13288): 6, 13, 20 व 27 अगस्त 2026 को आरा से छूटने वाली ट्रेन चांडिल–कांद्रा–सीनी के परिवर्तित (डायवर्टेड) मार्ग से होकर चलेगी। दुर्ग से आरा (गाड़ी संख्या 13287): 7, 14, 21 व 28 अगस्त 2026 को दुर्ग से रवाना होने वाली ट्रेन अपने नियमित मार्ग से ही संचालित होगी।




